बागपत जनपद में सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के गांव खिंदौड़ा में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष से तनाव का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद भोपाल का शव गांव में पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। 12 घंटे तक ऊहापोह की स्थिति बनीं रही। सीओ सदर ओमपाल सिंह गांव पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित पक्ष को शांत किया। उधर, मेरठ में भर्ती एक घायल की हालत गंभीर है।
खिंदौड़ा गांव में मंगलवार को रास्ते में ट्राली खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया था। इसमें भोपाल (60) की मौत हो गई थी, जबकि छह लोग गंभीर घायल हो गए थे। मृतक के बड़े भाई कालूराम (70) पुत्र मिथन सिंह की स्थिति नाजुक है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को भोपाल का शव गांव लाया गया। उसके परिजनों ने पुलिस पर सही कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और सुरक्षा की व्यवस्था न करने तक मृतक का अंतिम संस्कार न करने की बात कही।
यह भी पढ़ें: शामली: धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या, छह लोगों के खिलाफ दी तहरीर
सीओ सदर ओमपाल सिंह के आश्वासन के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने मनवीर पुत्र नैन सिंह, ब्रजभूषण उर्फ भूषण पुत्र जगदीश, राजू उर्फ राजबीर पुत्र जयभगवान, श्रेयांश पुत्र परविंद्र, अंकित पुत्र टीटू व परविंद्र पुत्र जगदीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नौ लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बलकटी व लाठी बरामद की है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ सदर ओमपाल सिंह का कहना है कि अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मुकदमें में खेल की तैयारी कर रही थी पुलिस
परिजनों का आरोप है कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में खेल करने की तैयारी कर रही थी। शुरूआत में वारदात को गैर इरादतन हत्या का बताया, जिसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में रोष फैल गया। शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/