नगीना में कालाखेड़ी रेलवे फाटक पर अधूरा पड़ा अंडरपास का कार्य। संवाद
नगीना। नगीना-कालाखेड़ी रेलवे फाटक पर बन रहे अंडरपास की रेलवे द्वारा निर्धारित की गई चार माह की समय अवधि पूरी हो जाने के बाद भी निर्माण कार्य में आज तक ठेकेदार चार ईंटें भी नहीं लगा पाया है। निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने तथा रेलवे फाटक बंद होने से करीब दस हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेल मंत्री की सहमति के बाद 17 फरवरी 2025 को अंडरपास बनाए जाने के लिए कार्य का टेंडर लेने वाली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा भूमि पूजन किया गया था। 22 फरवरी 2025 को रेलवे ने फाटक को बंद करने का आदेश दे दिया था। एक मार्च 2025 को कालाखेड़ी रेलवे फाटक पर अंडरपास के लिए खोदाई शुरू हुई। खोदाई को बीच में ही छोड़कर इंजीनियर व कर्मचारी चले गए। अंडरपास बनाए जाने के लिए चार माह की तिथि निर्धारित की थी। लेकिन इसमें निर्माण तो दूर खोदाई भी पूरी नहीं हुई।
रेलमंत्री को पत्र लिखेंगे : सांसद
क्षेत्रीय सांसद चंद्रशेखर का कहना है कि अभी हाल में उन्होंने अंडरपास के अधूरे पड़े कार्य का निरीक्षण किया था। वह शीघ्र रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस समस्या की शिकायत करेंगे। नजीबाबाद के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर वर्क्स पंकज शर्मा इस संबंध में कोई जवाब नहीं दे पाए।
रेलवे फाटक पर दुकान करने वाले सुनील सैनी का कहना है कि अंडरपास की खुदाई का कार्य भी रुक रुक कर चल रहा है। बरसात के दिनों में अधूरा छोड़े गए गड्ढे में पानी भी भर गया था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना गया था।
आजाद कॉलोनी निवासी दीपक सैनी का कहना है कि फाटक बंद होने व अंडरपास का काम अधूरा होने से कॉलोनी वासियों को रोजाना भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
सोनू सैनी का कहना है कि अंडरपास का कार्य शीघ्र पूरा होना चाहिए ताकि खास तौर पर महिलाओं व छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी दूर हो सके।