बरेली में केंदीय जल संसाधन राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने कहा कि सहारनपुर दंगा कराने में बसपा के दो विधायकों का हाथ है। दोनों ने सुनियोजित तरीके से दंगा कराने के लिए भीम आर्मी को फंडिंग की। उन्होंने बसपा के पूर्व विधायक एमएलसी का नाम लेकर कहा कि बसपा का पूर्व एमएलसी पश्चिमी यूपी का बड़ा खनन माफिया हैं। वह 10 साल से अवैध खनन का कारोबार कर रहा है। सरकार सबूत इकट्ठा कर रही है। आरोप साबित होने पर दोनों पूर्व विधायकों समेत जो भी दोषी मिलेगा, उनको हर हाल में जेल जाना होगा।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सहारनपुर में मायावती को सभा करने की अनुमति देना बड़ी प्रशासनिक चूक थी। अगर वहां का प्रशासन राहुल गांधी की तरह मायावती को भी जाने से पहले ही रोक लेता तो अब तक स्थिति कंट्रोल हो गई होती। बड़े जातीय संघर्ष के लिए स्थानीय इंटेलीजेंस को जिम्मेदार ठहराते हुए डा. बालियान ने कहा कि वह पूरी तरह फेल साबित हुई। इसी के चलते डीएम एसएसपी को सस्पेंड करना पड़ा।