व्यापारी से रंगदारी मामले में तीन संदिग्ध पकड़े
मवाना। कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल निवासी व्यापारी से दो बाइक सवार चार बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगने के मामले में तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जबकि मुख्य आरोपी फश्रार है। वहीं पीड़ित व्यापारी ने तीनों को पहचानने से इंकार किया है। जिस पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि मोहल्ला मुन्नालाल निवासी संजीव अग्रवाल की महिमा गिफ्ट के नाम से दुकान है। दो बाइक पर चार बदमाश दुकान पर पहुंचे । बदमाशों ने हर माह रुपये न देने पर संजीव को गोली मारने की धमकी दी। इस मामले में व्यापारी ने एक को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रंगदारी मांगने वाले बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर व्यापारी को बुलाकर शिनाख्त कराई। व्यापारी ने पहचानने से इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को छोड़ दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद के मुताबिक आरोपी के यहां लगातार दबिश दी जा रही है। लेकिन हाथ नहीं लग सका है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।