लावड़ में अंदावली मार्ग पर ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने के बाद तेल भरकर ले जाते कस्बे के लोग।
- फोटो : LAWARD
लावड़ के अंदावली मार्ग स्थित एक इंटर कॉलेज के सामने रखे ट्रांसफार्मर से सोमवार देर रात चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह मामले की जानकारी मिलने पर अवर अभियंता ने थाने पर तहरीर दी है।
अंदावली मार्ग पर सर्वोदय इंटर कॉलेज के सामने बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। जिससे लगभग 40 उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। सोमवार देर रात चोरों ने ट्रांसफार्मर को नीचे उतार कर उसमें से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का तार चोरी कर लिया। वहीं मंगलवार सुबह ट्रांसफार्मर के खोखा नीचा पड़ा देख लोग वहां पहुंचे और ट्रांसफार्मर से तेल निकाल ले गए। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता समय सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। समय सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।