चांदपुर मार्ग पर बारिश से हुए सड़क कटान को देखते तहसीलदार निरंकार सिंह स्रोत स्वयं
हस्तिनापुर। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खादर क्षेत्र में जलभराव और फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए तहसीलदार निरंकार सिंह ने शुक्रवार शाम क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
तहसीलदार सबसे पहले भीकुंड गांव के जंगल में पहुंचे। यहां खेतों में भरे बारिश के पानी का निरीक्षण किया और किसानों से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। इसके बाद वह गंगा पुल पर पहुंचे और संपर्क मार्ग की स्थिति देखी। लगातार बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह बड़े रेन कट और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। रात के अंधेरे में इन गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सतेंद्र कुमार को कॉल कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने जल्द मरम्मत कराने के लिए कहा। इस पर अधिशासी अभियंता ने संपर्क मार्ग के गड्ढों को भरवाकर जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।