मोदीपुरम। कासमपुर में नाली निर्माण में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री नहीं लगाने तथा बाजार से मलबा न उठाने की व्यापारियों ने अधिकारियों से शिकायत की थी। इस पर टीम बृहस्पतिवार को जांच के लिए पहुंची। उसने व्यापारियों को मानक अनुरूप कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया।
कासमपुर व्यापार संघ अध्यक्ष नीरज पंवार ने नगर आयुक्त से फोन पर शिकायत की थी कि नाली निर्माण में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने ठेकेदार एवं अवर अभियंता को मौके पर भेजने की मांग की थी। इस पर टीम बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंची और निर्माण की जांच की। इसके बाद अवर अभियंता और ठेकेदार राजीव ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि बाजार में नाली निर्माण सही तरीके से होगा। अब तक हो चुके निर्माण को भी दुरुस्त कराया जाएगा। यहां कासमपुर व्यापार संघ अध्यक्ष नीरज पंवार, दीपक चौधरी, संजीव मंगवाना, हेतराम शाक्य, महेश लोधी, प्रमोद यादव, सर्वजीत सिंह, शोभा राणा, लता पंत, हरजीत सिंह, ललित सोनकर आदि मौजूद रहे।