बच्चे को थाने लेकर पहुंचे परिजन।
- फोटो : KITHOR
खरखौदा(मेरठ)। लोहियानगर में बृहस्पतिवार को एक युवक ने घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों का अपहरण कर लिया और एक तांत्रिक को सौंप दिया। तांत्रिक क्रिया के दौरान एक बच्चा भाग निकला और घर आकर जानकारी दी। इसका पता चलते ही दूसरे बच्चे के परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचा लिया। इस बीच आरोपी तांत्रिक फरार हो गया, जबकि अपहरण करने वाले युवक को भीड़ ने दबोच लिया।
लोहियानगर निवासी रियाजुद्दीन ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। बृहस्पतिवार को भी वह मजदूरी पर गया था। घर पर उसकी पत्नी व बेटा मोहम्मद फैजान(10) था। दोपहर को फैजान अपने दोस्त गाजी हुसैन के साथ गली में खेल रहा था। इस दौरान एक युवक ने उनका अपहरण कर लिया और लोहियानगर में ही एक मकान पर ले गया। युवक ने दोनों बच्चों को एक तांत्रिक को सौंप दिया। बच्चे रोने लगे तो तांत्रिक ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इस बीच मौका पाकर गाजी हुसैन वहां से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने दूसरे बच्चे के परिजनों और अन्य लोगों को भी बताया। इसके बाद परिजनों के साथ काफी लोग उक्त मकान पर पहुंचे। यहां कमरे में मोहम्मद फैजान बदहवास हालत में मिला। परिजनों ने फोन का पुलिस को मामले की जानकारी दी। लोगों ने अपहरण करने के आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तांत्रिक फरार हो गया। परिजनों ने मामले की तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ देवेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।