प्रशासन ने छह लाख का टैक्स लगाकर दी अनुमति, मंदिर कमेटी को दो दिन में जमा करना होगा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मां दुर्गा मंदिर परिसर में लगे झूलों पर प्रशासन ने छह लाख रुपये टैक्स लगाते हुए झूले चलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि बुधवार देर शाम तक मंदिर समिति ने सरकारी खाते में धनराशि जमा नहीं की। प्रशासन ने दो दिन के भीतर धनराशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
नौचंदी मेला क्षेत्र स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में मंदिर समिति ने झूले लगवाए हैं। बिना अनुमति चल रहे झूले प्रशासन ने मंगलवार को बंद करा दिए थे। जिसके बाद बुधवार को दिन पर मंदिर परिसर में लगे झूलों को चलवाने के लिए भाजपा के लोग अधिकारियों से संपर्क साधते रहे। प्रशासन ने झूलों की अनुमति देने से पहले छह लाख रुपये सरकारी खाते में जमा करने के निर्देश दिए। इस संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीएस कुशवाहा का कहना है कि मंदिर समिति को झूला संचालन की एवज में सरकारी खाते में छह लाख रुपये जमा करने हैं। दो दिन का समय दिया गया है। फिलहाल झूले चालू हो गए हैं।