मुसीबत में भी आत्मविश्वास बनाए रखें छात्राएं
सरूरपुर। संजय गांधी पीजी कॉलेज में बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्हें बताया कि अगर कहीं छेड़छाड़ हो, कोई आकर पकड़ने की कोशिश करे तो उससे अपना बचाव कैसे करना है।
सरूरपुर स्थित डिग्री कॉलेज सभागार में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर डॉ. रीना तोमर ने बालिकाओं को यूपी 100, 1090, 181, आशा ज्योति केंद्र, महिला थाना, 1098 हेल्पलाइन, गुड टच और बैड टच के बारे में बताया। छात्राओं को जानकारी दी कि यदि मुसीबत में हैं तो तुरंत उक्त हेल्पलाइन को सूचित कर मदद लें। ये सभी नंबर आपकी मदद के लिए सदैव तैयार रहते हैं। यहां आपकी पहचान भी गोपनीय रखी जाती है। स्थानीय थाना, पुलिस चौकी पर जाकर अपनी शिकायत करें। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म, छेड़छाड़, एसिड अटैक, साइबर क्राइम, ट्रोलिंग, बालविवाह, बाल यौन शोषण, बाल श्रम, मानव तस्करी आदि अपराध होते दिखाई दे तो फौरन पुलिस को सूचित करें। सुरक्षा जागरूकता अभियान में प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बस, ऑटो या रिक्शा में जाते वक्त कोई छेड़छाड़ हो तो डरना नहीं है। ऐसे में उस व्यक्ति का डटकर सामना करें और बचाव करें। शोहदे के बलिष्ठ शरीर को देखकर घबराएं नहीं बल्कि शरीर के नाजुक अंगों पर हिट करें। गर्दन, गाल, आंखें, ज्वाइंट्स, घुटनों पर वार करें और अपना बचाव करें। इस दौरान अपराजिता अंतर्गत छात्राओं को नारी गरिमा को अक्षुण रखने और उनके चेहरे पर आत्मविश्वासी मुस्कान एवं सुरक्षा के प्रति शपथ दिलाई। इस मौके पर डॉ. सविता तोमर, डॉ. रीना त्यागी, डॉ. नीरज तोमर, डॉ. सरिता, डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।