दौराला। विभिन्न मांग पूरी नहीं होने पर छह अगस्त को राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ का होने वाला धरना स्थगित कर दिया गया है। मंगलवार को सकौती स्थित उपखंड कार्यालय पर पश्चिमांचल अध्यक्ष कवितेंद्र बच्चस के नेतृत्व में बैठक आायेजित कर जानकारी दी गई। कवितेंद्र ने बताया कि संघ की ओर से उन्होंने प्रबंध निदेशक को धरने के संबंध में नोटिस भेजा था। आरोप लगाया था कि कर्मचारियों का दो माह का वेतन रोक लिया गया। साथ ही विभिन्न मांगों को पूरा नहीं किया गया। मंगलवार को इस संबंध में उन्हें ऊर्जा प्रबंधन की ओर से पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें संघ प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। वार्ता 8 अगस्त को होगी। महासचिव अभिमन्यु ने बताया कि संघ का स्पष्ट मत है कि यदि 8 अगस्त को वार्ता सकारात्मक व सार्थक रहती है तो संघ शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहेगा। यदि वार्ता विफल रहती है तो धरने के लिए जल्द नई तारीख का ऐलान किया जाएगा। संरक्षक विपुल कांबोज ने भी अपने विचार रखे।