फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी, आधे शहर की बिजली गुल

Fri, 26 May 2023 02:05 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ/मोदीपुरम। करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी से शहर से देहात तक बड़ा नुकसान हुआ। कहीं पेड़ टूटकर लाइनों पर गिर गए तो कहीं खंभे धराशायी हो गए। आंधी बारिश थमने के बाद से देर रात तक विद्युत आपूर्ति को लेकर कर्मचारी लगे रहे। डीएम आवास, सिविल लाइन और एमईएस बिजलीघर क्षेत्र में पेड़ लाइनों के ऊपर गिरने के देर रात तक भी बिजली नहीं आई। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। नौचंदी मेले में दुकानों में पानी भर गया। पटेल मंडप में मशीन लगाकर पानी निकाला गया।
विज्ञापन

आंधी के कारण सिविल लाइन क्षेत्र और डीएम आवास के पास पेड़ टूटकर 33 केवी की लाइन पर गिर गया। इस कारण विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। कैंट क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर लाइनों के ऊपर गिर गईं। एमडीए कार्यालय के सामने पेड़ लाइन पर गिर गया। बारिश के कारण मोहकमपुर, माधवपुरम, गंगानगर, नंगला भट्टू, एमईएस, पीएल शर्मा अस्पताल, रंगोली, नौचंदी, मोहकमपुर, फूलबाग काॅलोनी, सिविल लाइन पूरे क्षेत्र में बिजली गुल रही। देर रात तक इन इलाकों में बिजली न होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। कई इलाकों में 6 से 8 घंटे तक कुछ में पूरी रात बिजली नहीं रही। विद्युत कर्मी देर रात तक फाॅल्ट को ढूंढ़ने में लगे रहे, जिस कारण कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति ठप रही। कुछ इलाकों में रात 10 बजे तो कुछ में 12 बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। कुछ इलाकों जैसे सिविल लाइन के कचहरी, डीएम कंपाउंड, मेरठ कालेज आदि में पूरी रात तक बिजली की समस्या बनी रही।
वर्जन
शहर में बारिश के कारण कई जगह फाल्ट व कई जगहों पर पेड़ टूटे हैं। मरम्मत कार्य कराया जा रहा है देर रात तक विद्युत आपूर्ति सुचारू होने की संभावना है। - राजेंद्र बहादुर, अधीक्षण अभियंता शहर
विज्ञापन

-

होर्डिंग टूटकर सड़कों पर गिरे, यातायात हुआ बाधित
तेज हवा के कारण शहर में कई जगहों पर होर्डिंग मुख्य मार्गों पर गिर गए। इस कारण कई लोग घायल होने से बच गए। होर्डिंग गिरने के कारण यातायात भी बाधित रहा। उधर जरा सी बारिश में शहर में जलभराव हो गया। मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। नालों की सफाई न होने के कारण कांच का पुल, लिसाड़ी गेट, हापुड़ रोड, घंटाघर मार्ग, खैरनगर समेत शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। नालियों का पानी लोगों के घर में घुस गया जिस कारण उन्हें परेशान होना पड़ा।
नौचंदी मेले में मची अफरातफरी, पटेल मंडप में भरा पानी
तेज आंधी और बारिश के कारण नौचंदी मेला परिसर में दुकानदारों के तंबू उड़ गए। दुकानों का सामान हवा के कारण इधर-उधर उड़ना शुरू हो गया। मेला स्थल की लाइट गायब हो गई। पटेल मंडप में भी काफी पानी भर गया, जिसे नगर निगम की टीम ने बाहर निकलवाया। इस दौरान दो गाड़ियों के माध्यम से पटेल मंडल से पानी निकलवाया गया। मेला परिसर में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।
निर्माणाधीन इमारत की सेटरिंग गिरी, कार दबी,चालक बचा, सड़क पर हंगामा
छीपी टैंक के पास गोयल बाथ पैलेस की बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा था। यहां निर्माण के लिए सेटरिंग लगाई गई थी। तेज हवा के कारण सेटिरिंग मुख्य मार्ग की ओर गिर गई। इस दौरान शास्त्रीनगर निवासी वेगनआर कार चालक कपिल उसके नीचे आ गया। हालांकि चालक को कोई चोट नहीं आई लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि युवकों द्वारा विरोध करने पर गोयल बाथ पैलेस के मालिक के रिश्तेदार ने दोनों युवकों पर पिस्टल तानते हुए धमकी देकर चुप कराने की कोशिश की। इसके चलते सड़क पर हंगामा हो गया। यह देख आरोपी युवक फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया। थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मेडिकल इमरजेंसी में टूटे शीशे, अफरातफरी मची
तेज हवा के कारण मेडिकल इमरजेंसी में भी शीशे टूटकर मरीजों के ऊपर गिर गए। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। कई मरीज शीशा लगने के कारण घायल भी हो गए। मेडिकल काॅलेज की टीम ने उनका उपचार किया। मरीजों ने इसे लेकर हंगामा भी किया और मेडिकल कालेज प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। वहीं, कॉलेज प्रशासन के मुताबिक हवा के दबाव में शीशे का गेट टूटा। गेट के पास बेड पर एक मरीज लेटा था, जिसे आंधी चलते ही वहां से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था। कोई घायल नहीं हुआ।

मकान की दीवार गिरी, तीन घायल
लिसाड़ी गेट फतेउल्लापुर में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से वहां से निकल रहे फातिमा गार्डन निवासी फिरोज और उसके 15 वर्षीय बेटे अरमान बुरी तरह घायल हो गए। कांच के पुल पर एक दुकान का साइन बोर्ड गिरने से साइकिल सवार युवक घायल हो गया।

पांच मिमी दर्ज हुई बारिश

मोदीपुरम। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते अचानक से मौसम में बदलाव हुआ। शाम के समय करीब 35 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश शाम के समय करीब 5 मिमी दर्ज की गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले 24 घंटे रहने की संभावना है। इस कारण तेज हवा आंधी गरज के साथ कुछ स्थानों पर ओले पड़ने व वर्षा होने की संभावना है। 27 मई को तीव्रता कम होने के चलते मौसम के साफ होने लगेगा।




-
आम समेत कई फसलों को बड़ा नुकसान

बारिश और आंधी के चलते सबसे ज्यादा दिक्कत आम उत्पादकों को सामने खड़ी हो गई। लगातार आ रही आंधी से आम की फसल को नुकसान हो रहा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. अनंत ने बताया कि मचान विधि से कद्दूवर्गीय फसलों की खेती करने वाले किसानों को आंधी से सबसे अधिक नुकसान होगा। आंधी चलने से मचान गिरने से बेल टूट जाएगी। जिससे तोरी, लोकी, खीरा की फसल को नुकसान होगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें