मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी चौकी इंचार्ज इंद्रेश विक्रम सिंह को खाने के पैसे मांगने पर होटल संचालक के साथ मारपीट करने के आरोप में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने निलंबित कर दिया है। होटल संचालक ने आरोप लगाया था कि चौकी इंचार्ज ने उनके पिता को छोड़ने की एवज में 50 हजार रुपये भी लिए और गन प्वाइंट पर लेकर अपने पक्ष में बयान लेते हुए वीडियो भी बनाई है।
मोदीपुरम निवासी दीपक सिंह ने बताया कि उनका एनएच-58 स्थित वेदव्यासपुरी गोपाल विहार में होटल है। होटल पर उनके पिता अशोक कुमार भी बैठते है। आरोप है कि 7 मई को चौकी इंचार्ज इंद्रेश विक्रम सिंह होटल पर खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद वह पैसे दिए बिना ही जाने लगे। इस पर उनके पिता ने उन्हें टोक दिया। कुछ देर बाद चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ दोबारा आए और उनके पिता को उठाकर चौकी पर ले गए थे। इसके बाद जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके पिता की पिटाई की और होटल बंद कराने की भी धमकी दी। एसएसपी ने मामले में जांच कराने के बाद बृहस्पतिवार रात में चौकी इंचार्ज इंद्रेश विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।