मेरठ में एक सिपाही ने इंसास से गोलियां चलाकर सिटी रेलवे स्टेशन पर खलबली मचा दी। सिपाही ने नशे में टेंपो चालक पर गोलियां चलाईं। गुस्साए अन्य टेंपो व रिक्शा चालकों ने आरोपी सिपाही को पकड़ा और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। एसओ रेलवे रोड मौके पर पहुंचे और सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेजा। सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया।
एसओ रेलवे रोड इंद्रपाल सिंह ने बताया कि यह घटना सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर शुक्रवार सुबह तीन बजे की है। सहारनपुर में तैनात सिपाही सुधीर कुमार अपने साथी सिपाही के साथ बुलंदशहर में चुनाव ड्यूटी से लौट रहा था। सुधीर कुमार दौराला का मूल निवासी है। दोनों सिपाही ड्यूटी से बगैर अधिकारी को जानकारी दिए मेरठ आ गए। सिटी रेलवे स्टेशन पर दोनों ने एक टेंपो रोका। सुधीर नशे में था। टेंपो चालक ने उनको ले जाने से इंकार कर दिया। इस पर सुधीर ने रेलवे रोड निवासी टेंपो चालक मनोज कुमार से गालीगलौज की और धमकी दी। टेंपो चालक मनोज कुछ बोलता, इससे पहले ही सुधीर ने अपनी सर्विस इंसास से उसके ऊपर गोली चला दी। गोली चलते ही टेंपो चालक मनोज ने शोर मचा दिया। अन्य टेंपो और रिक्शा चालक दौड़कर वहां पहुंचे। सिपाही ने इंसास छीनी और उसे दबोच लिया। मामला तूल पकड़ते ही दूसरा सिपाही फरार हो गया।