मेरठ। बाल विज्ञान भवन फतेउल्लाहपुर में चल रहे रियलिटी शो विज्ञान घर के पांचवें दिन टीम वर्क और क्रिएटिविटी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से कराए गए शो में बाल वैज्ञानिकों ने रचनात्मक गतिविधियों में भाग किया। इनमें पेपर रीसाइक्लिंग, शिल्पकारी, वेस्ट टू बेस्ट, बायोगैस उत्पादन और जीरो वेस्ट टॉयलेट जैसे प्रयोग शामिल रहे। लकी, रीति, शौर्य और नितेश की टीम ने पुराने कागज से नया कागज बनाकर पेड़ बचाने का संदेश भी दिया। अग्रता और खुशी ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी उत्पाद तैयार कर कचरे को कम करने की रचनात्मकता दिखाई। सारा, तनुश्री, उत्कर्ष, नागा फाल्गुन और बहिरतन की टीम ने प्लास्टिक-कागज कचरे को मूल्यवान उत्पादों में बदला। महक, हृदय, राघव और युवान ने जैविक कचरे से बायोगैस मॉडल बनाकर स्वच्छ ऊर्जा का प्रदर्शन किया। मंजूर अली, श्रेष्ठ, लहरी और अनन्या की टीम ने बिना पानी वाले शौचालय मॉडल से जल संरक्षण और जैविक खाद उत्पादन की प्रक्रिया समझाई। शाम चार से पांच बजे तक विशेष गतिविधि और रात सात से आठ बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति, नृत्य-गीतों से माहौल को रंगीन बनाया। संवाद