स्वास्थ्य परीक्षण न करने पर सफाई कर्मियों ने किया जिला अस्पताल में हंगामा
मेरठ, नगर निगम प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने जिला अस्पताल पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया। सफाई कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने सफाई कर्मचारियों का चिकित्सा परीक्षण करना तो दूर उनसे संतोषजनक बात भी नहीं की। सफाई कर्मियों ने जिला अस्पताल में संक्रमित मरीजों के आने का अंदेशा जताकर नगरायुक्त से बीट क्षेत्र में ही परीक्षण कराने की मांग की है।
शहर की स्वच्छता और सैनिटाइजिंग के कार्य में निगम के सफाई कर्मी जुटे हैं। ऐसी स्थिति में सफाई कर्मियों ने स्वास्थ्य परीक्षण की मांग उठाई थी। जिस पर शुक्रवार को महापौर सुनीता वर्मा ने नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत सफाई कर्मी शनिवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे थे। स्वास्थ्य परीक्षण न होने की सूचना पर राजू धवन, कैलाश चंदोला, विनेश विद्यार्थी, नंदकिशोर ठेकेदार, दीपक मनोठिया, कपिल बरांडा, विनोद चंदोला, दिनेश सुधा, मिथुन पार्चा, कमल मंगवाना, रंजीत सावन, अनिल जीनवाल कमल मंगवाना, मनीष आदि नेता जिला अस्पताल पहुंचे। सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला ने कहा कि हमारा कर्मचारी सफाई सैनिक है। हम नहीं चाहते कि हमारे सैनिक को कोई दिक्कत हो। कहा कि अप्रैल का वेतन कटौती न करके पूरा वेतन आउट सोर्स सफाई कर्मचारियों के खाते में भेजा जाए।