बहसूमा। तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से कस्बा स्थित मोहल्ला बसी में मजदूर शौकीन के मकान की छत मंगलवार को भरभरा कर गिर गई। छत गिरने से केवल खाने-पीने का सामान तथा बेड क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कमरे में कोई नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मकान मालिक शौकीन ने बताया कि तीन दिनों से हो रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण छत पर अधिक नमी होने से मिट्टी का वजन लकड़ी के गोले झेल नहीं पाए। इससे छत गिर गई। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पीड़ित मजदूरी कर घर परिवार का जैसे-तैसे भरण पोषण कर रहा है।