सरधना। नगर के मोहल्ला लालकुआं में बुधवार देर रात एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान में रखा सामान मलबे में दब गया। पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित हकीम अंसारी ने बताया कि वह काफी समय से अपने परिवार के साथ इस जर्जर कच्चे मकान में रह रहे हैं। उन्होंने कई बार नगर पालिका से मकान के निर्माण की अनुमति और सहायता के लिए आवेदन किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद देर रात मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय परिवार बरामदे में सो रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित ने नगर पालिका से मकान के पुनर्निर्माण और नुकसान के मुआवजे की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित की मदद किए जाने की मांग उठाई है।