राजकीय महिला महाविद्यालय में अभिविन्यास कार्यक्रम एवं सम्मेलन आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को अभिविन्यास कार्यक्रम एवं शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में शिक्षक व अभिभावकों की सहभागिता पर जोर दिया गया। प्राचार्य नीलम सिंह ने कहा कि दोनों के संयुक्त प्रयासों से छात्राओं की प्रतिभा निखरती है और उन्हें भविष्य में सफलता प्राप्त करने के अवसर मिलते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य, प्राध्यापकों और अभिभावकों ने किया। डॉ. सीमा गौतम ने छात्राओं को महाविद्यालय की आचार संहिता, नियमित उपस्थिति, समय पालन, अनुशासन और परिसर की स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने आपसी सम्मान बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। डॉ. रचना बालियान ने सम्मेलन के उद्देश्यों और उसकी रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
छात्राओं को पुस्तकालय, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना, महिला प्रकोष्ठ, कॅरिअर परामर्श और विभिन्न समितियों से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई। अभिभावकों ने भी छात्राओं की पढ़ाई और सर्वांगीण विकास को लेकर सुझाव रखे।
प्राचार्य ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक संघ छात्राओं के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद से छात्राओं की क्षमताओं को पहचानने और उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में डॉ. सुरभि सिंघल, डॉ. सुमन सिंह, डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप कुमार गुप्ता और डॉ. गुरमीत सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।