दौराला। सरधना रोड पर बृहस्पतिवार को मोदीपुरम व हाईवे पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों से दौराला पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि, दूसरे बदमाश को पुलिस ने घंटों कांबिंग के बाद जंगल से पकड़ लिया है।
दौराला पुलिस के अनुसार दौराला कस्बा निवासी मोहसिन अपने साथी अयान के साथ सरधना रोड से होते हुए जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बाइक छोड़कर खेतों में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में मोहसिन गोली लगने से घायल हो गया। जबकि अयान मौके से भाग निकला। पुलिस ने मोहसीन को सीएचसी में भर्ती कराया। घंटों की कांबिंग के बाद पुलिस ने अयान को जंगल से हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाशों ने कृषि विवि मार्ग पर बुधवार को जिला कुशीनगर के थाना फतेवरा गांव अमरवा महंत निवासी बीएससी एजी की छात्रा चांदनी कुशवाह से मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों के पास से दो तमंचे, पांच जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद की है।
लूटा हुआ मोबाइल बरामद, बाइक भी चोरी की
दौराला। दौराला पुलिस ने बदमाशों के पास से छात्रा का मोबाइल बरामद कर लिया। बदमाशों के पास से बरामद हुई बाइक भी चोरी की निकली। पुलिस बाइक के मालिक के बारे में जानकारी करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने मोबाइल लूट की घटना के अलावा मोदीपुरम में चेन लूट व हाईवे पर अन्य घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकार की है।