प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड पर 11 सदस्यीय टीम होगी गठित
पार्टी की मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं को पढ़ाया अनुशासन का पढ़ाया पाठ
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिला पंचायत चुनाव की तैयारी और बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता जुट गए हैं। जिला पंचायत के सहारे रालोद नेताओं का टारगेट 2027 के विधानसभा चुनाव हैं। इसी को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय पर पार्टी की मासिक बैठक हुई जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए रालोद कार्यकर्ताओं से आवेदन भी मांगे। इस दौरान प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड पर 11 सदस्यीय टीम गठित करने का भी निर्णय लिया गया।
युवा रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष आसिफ अली ने कहा कि मुस्लिमों का हित रालोद में ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा, अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर पार्टी को शिखर पर ले जाना है और जिला पंचायत के चुनावों में अधिक से अधिक सीटों पर रालोद के प्रत्याशियों को जीत दिलानी है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत किया जाना जरूरी है। राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझें। जिला पंचायत के बाद 2027 में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं। दोनों ही चुनावों में पार्टी का परचम लहराएगा।
रालोद के वरिष्ठ नेता सुनील रोहटा ने कहा कि जिनके पास पार्टी में जो भी पद है वह उसी के अनुरूप कार्य करें। अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में सभी सीटों पर रालोद अपने प्रत्याशी उतारेगी। उप्र अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य नरेन्द्र खजूरी ने कहा कि अब समय है जब सभी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करें। जनता की समस्याओं का निराकरण कराएं। बैठक में पूर्व विधायक वीरपाल राठी, रणवीर दहिया, मेरठ के प्रभारी गौरव जिटौली ने भी संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने युवा रालोद के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु ललसाना और रालोद के जिला महासचिव रामवीर जाखड, विशाल एडवोकेट व कैंट विधानसभा अध्यक्ष चंद्रवीर फौजी का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अनिकेत भारद्वाज, विनय मल्लापुर, दीपक, अजीत, संजय पनवाड़ी, संगीता दोहरे, महानगर अध्यक्ष नईम सागर समेत काफी लोग रहे।