जून महीने में गर्मी में बिजली की बढ़ती मांग के बीच शहरवासियों को अघोषित कटौती झेलनी पड़ रही हैं। कहीं फॉल्ट ठीक होने में देरी के चलते कटौती हो रही है तो कहीं सिस्टम को बचाने के लिए ऐहतियातन बिजली गुल की जा रही है। बिना बिजली के जहां लोगों का बुरा हाल है, वहीं पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा, जब ट्रांसफार्मर और वीसीबी दम न तोड़ रही हों और लाइनों में फॉल्ट न हो रहे हों। गुरुवार को भी शहर के दो दर्जन बिजलीघरों से आपूर्ति का बुरा हाल रहा। नौंचदी बिजलीघर पर मेंटींनेस के चलते सुबह पांच बजे से आठ बजे तक का शटडाउन लिया गया था। काम तय समय में पूरा नहीं होने पर इसे नौ बजे तक कर दिया गया। क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों के करीब बीस हजार उपभोक्ताओं को चार घंटे तक बिजली नहीं मिल सकी।
उधर, पल्लवपुरम फेज वन और टू में तीसरे दिन भी लोगों को राहत नहीं मिल पाई। यहां अमित पार्क में रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फूंकने से क्षेत्र के लोगों को पूरी रात बिजली नहीं मिल सकी। इसके अलावा बेगमपुल, जागृति विहार, शास्त्री नगर, मेडिकल, काजीपुर, एमईएस, शारदा रोड, हापुड़ रोड बाईपास, टीपी नगर, टाउन हाल, लेडीज पार्क, सेंट लुक्स, रेलवे रोड, विकास पुरी, लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, अमन विहार, अम्हैड़ा, डिफेंस एन्क्लेव, पुराना आरटीओ और रोहटा रोड आदि बिजलीघरों पर भी तीन से चार घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।