सरधना। जनपद मेरठ की बढ़ती जनसंख्या और आबादी के दबाव को देखते हुए शासन स्तर पर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नए थानों की स्थापना की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है। इसी क्रम में सरधना क्षेत्र की सलावा पुलिस चौकी को थाना बनाए जाने का विचार लंबे समय से प्रस्तावित है, लेकिन यह प्रयास भूमि की अनुपलब्धता के कारण अटक गया है।
सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण के चलते पुलिस चौकी को थाना बनाने के लिए प्रस्तावित किया गया था। अक्तूबर, 2024 से प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू करने के बावजूद सलावा में प्रस्तावित थाने के भवन के लिए निशुल्क भूमि अब तक चिह्नित नहीं की जा सकी है। इस संबंध में एक बार फिर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। जिसमें बताया गया कि 1960-61 की उत्तर प्रदेश पुलिस आयोग की संस्तुतियों के अनुसार थाने की स्थापना के लिए न्यूनतम 3000 वर्ग मीटर से लेकर अधिकतम 10 हजार वर्ग मीटर तक निशुल्क भूमि या भवन का प्रावधान है। इसी मानक के आधार पर 25 अक्तूबर 2024 को क्षेत्राधिकारी सरधना को निर्देश दिए गए थे कि वह प्रस्तावित थाना सलावा के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर आवश्यक अभिलेखों सहित कार्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन के प्रयास
थाना प्रभारी सरधना ने व्यक्तिगत रूप से कई बार भूमि चयन की कोशिश की। वहीं, क्षेत्राधिकारी सरधना ने उपजिलाधिकारी को पत्र भेजकर भूमि उपलब्ध कराने के लिए निवेदन किया। पत्र में विशेष रूप से खसरा खतौनी की प्रतियों समेत भूमि का विवरण जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, ताकि थाने के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर समय से पुलिस मुख्यालय को भेजा जा सके।
वर्जन...
सलावा थाने की स्थापना के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही भूमि संबंधी रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रेषित की जाएगी। - संजय कुमार जायसवाल, सीओ, सरधना