दौराला - इकलौता गांव में तैनात किया गया पुलिस बल। स्रोत : संवाद
दौराला। इकलौता गांव में रविवार देर रात आंबेडकर भवन की दीवार पर लगे बाबा साहेब का पोस्टर फाड़ने पर दलित समाज के लोगों में रोष फैल गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। दूसरा पोस्टर लगाने पर मामला शांत हुआ, लेकिन एक महिला ने दोबारा पोस्टर लगाने का विरोध करते हुए दलित समाज के युवक नितिन के साथ मारपीट की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित नितिन कुमार ने बताया कि गांव के बीच स्थित आंबेडकर भवन पर जयंती के मौके पर समाज के लोगों ने पोस्टर लगाया था। रविवार देर रात गांव के पाल समाज के एक युवक की लगन सगाई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल किसी युवक ने पोस्टर फाड़ दिया। जानकारी मिलने पर समाज के लोगों में रोष फैल गया और विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर बातचीत की।
वार्ता में दूसरा पोस्टर लगाए जाने पर सहमति बनी। पुलिस दूसरा पोस्टर लगवाने के बाद लौट गई। आरोप है कि इस दौरान पाल समाज की एक महिला ने पोस्टर लगाने का विरोध किया और नितिन के साथ गाली गलौज, जातिसूचक शब्द बोलते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट किए जाने से दलित समाज में फिर से रोष व्याप्त हो गया। सोमवार को दौराला थाने पहुंचकर पीड़ित ने महिला के खिलाफ तहरीर दी। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर लोगों से माहौल न बिगाड़ने और शांति बनाए रखने की अपील की। सीओ का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। रात में मामले का निस्तारण करा दिया गया था। बाद में महिला द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। जांच की जा रही है।