संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर की डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन किया गया, जहां कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से बेटा व बेटी में भेदभाव नहीं करने का संदेश दिया।
सम्मेलन में सुरेंद्र शर्मा उदय ने कहा कि कोई राजा बनता है, कोई महाराज बनता, मगर आदमी का इंसान भी बनना बहुत ज़रूरी है। देवेंद्र देव ने बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए अपनी कविता में पढ़ा कि भेद मत करो बेटों और बेटियों में कभी, बेटियों से सजे आंगन की फुलवारी है। हरित तोमर ने राष्ट्रभक्ति से जुड़ी पंक्तियाें में कहा कि खाकर घास वतन की खातिर प्राणों की कुर्बानी दी। आजादी के लिए महाराणा ने अपनी भरी जवानी दी। इनके अलावा स्वदेश यादव, दिव्यहंस दीपक बाबूराम प्रधान आदि कवियों ने श्रोताओं का मनोरंजन किया। इस मौके पर अजय तोमर, सुशील कुमार, वंदना गुप्ता, प्रधानाचार्य केके त्यागी आदि उपस्थित रहे।