मेरठ। पुलिस की कैप पहनकर रील बनाने वाले कमालपुर निवासी अमजद ने बृहस्पतिवार को मेडिकल थाने पहुंचकर माफी मांगी। पुलिस ने उसे फटकार लगाई और फिर भविष्य में इस तरह का काम नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि कमालपुर का रहने वाला अमजद पहले एक स्पा सेंटर चलाता था। एक महीने पहले पुलिस ने मंगलपांडे नगर में छापा मारकर स्पा सेंटर बंद कराया था। अब उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें वह पुलिस की कैप पहनकर रौब गालिब कर रहा है। वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस के डर से आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और माफी मांगी।