सरधना। कुम्हारान मोहल्ले के लोगों की नाराजगी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इलाके की जर्जर सड़कें, चोक नालियां और जगह-जगह भरा दूषित पानी नागरिकों के लिए रोजाना की परेशानी बन चुका है। मोहल्ले की मुख्य सड़क, जिसे टंकी की पाइप लाइन डालने के लिए करीब एक साल पहले खोदा गया था, आज तक दोबारा नहीं बनी। नगर पालिका ने तब यह कहकर खोदाई कराई थी कि जल्द ही नई सड़क बनाई जाएगी, लेकिन हकीकत में रास्ता अब चकरोड में तब्दील हो चुका है।
मोहल्ले का तालाब मार्ग भी जर्जर स्थिति में है। मस्जिद वाले रास्ते की हालत ऐसी है कि बरसात में चलना तक मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी राशिद, आसिफ, सोनू, आबिद, रहीश, नफीस, शाहिद, यूसुफ, नदीम, सईद और रसीद आदि ने बताया कि नालियां लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। गंदगी के कारण नालियां पूरी तरह से चोक हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। वार्ड सभासद फिरदौस कासिम अंसारी ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर पालिका को लिखित शिकायत दी और बोर्ड बैठकों में भी मुद्दा उठाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि इस अनदेखी के कारण उन्हें क्षेत्रवासियों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका की उपेक्षा से परेशान स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण, नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह विरोध-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।