सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज के तरीके के साथ उनकी वेशभूषा भी चर्चा का विषय है। सदर के सीबीएसई स्कूल ऋषभ एकेडमी के प्रबंधन ने छात्रों को योगी आदित्यनाथ की तरह बाल कटवाने का फरमान जारी किया है। प्रबंधन ने इसे अनुशासन नियमों में शामिल किया है। इसके तहत जो छात्र योगीजी की तरह छोटे बाल नहीं कराएंगे उन्हें स्कूल से निष्कासित कर दिया जाएगा। स्कूल के बाहर इसका नोटिस भी लगा दिया गया है।
अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया
सीएम योगी आदित्यनाथ
छात्रों व अभिभावकों ने बृहस्पतिवार को स्कूल के बाहर हंगामा किया। प्रबंधन ने बताया कि स्कूल में ऐसे कई छात्र हैं जो टिफिन में नॉनवेज लाते हैं। दूसरे छात्रों से मारपीट करके अनुशासन भंग करते हैं। छात्राओं से अभद्रता करते हैं। ये छात्र पढ़ाई से अधिक अपराध में लिप्त हैं। इन छात्रों को स्कूल पहले भी चेतावनी दे चुका है। लेकिन छात्र नहीं सुधरे। छात्र सोमवार तक नहीं सुधरे तो उनको निकाल दिया जाएगा। वहीं अनुशासनहीनता करने पर ऋषभ एकेडमी ने पिछले साल स्कूल से 30 छात्रों को निकाल दिया था। इन छात्रों पर कार्रवाई करते हुए स्कूल ने पिछले साल कैम्पस में कैमरे लगवाए थे। ऋषभ एकेडमी के प्रबंध सचिव रंजीत जैन ने कहा कि कुछ छात्र काफी अनुशासनहीन है। छात्र नहीं सुधरे इसलिए नोटिस दिया है।