सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी किसान के खेत से आरोपियों ने सरसों की फसल काट ली। आरोपियों ने उसके खेत पर अवैध कब्जा कर उसमें गन्ने की बुवाई का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों का ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव पांचली बुजुर्ग निवासी खालिद पुत्र जुनाब अली ने तहरीर में बताया उसने अपने खेत में सरसों की फसल बुवाई कर रखी थी। आरोप है कि गांव निवासी आरोपियों ने उसके खेत से सरसों की फसल काट ली। आरोपियों ने खेत पर अवैध कब्जा करते हुए जुताई कर गन्ने की फसल बोने का प्रयास किया। पीड़ित मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे पीटने का प्रयास किया। पीड़ित किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी अपना ट्रैक्टर खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया और हर्रा पुलिस चौकी ले आई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।