अफजलगढ़ क्षेत्र में भूतपूरी बनैली क्षतिग्रस्त पुल से गुजरते वाहन। संवाद
बिजनौर, अफजलगढ़। भूतपुरी-जसपुर मार्ग स्थित बनैली नदी के पुल में वर्टीकल क्रेक आने के चलते क्षतिग्रस्त होने तथा पुल पर लगाए हाईटगेज व कंक्रीट के ब्लाॅक भी भारी वाहनों को नहीं रोक पा रहे हैं। भारी वाहन चालकों द्वारा हाईटगेज तोड़कर व कंक्रीट के ब्लाॅक हटाकर अपनी यात्रियों की जान जोखिम में डालकर धड़ल्ले से वाहन निकाले जा रहे हैं।
भूतपूरी जसपुर मार्ग स्थित बनैली नदी के पुल के बीम में वर्टीकल क्रेक आने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन बार हाईटगेज लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। किंतु तीनों बार हाईटगेज तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए और भारी वाहनों का संचालन करने लगे। इसके बाद लोकनिर्माण विभाग की ओर से पुल की सुरक्षा को देखते हुए कंक्रीट के तीन भारी ब्लाॅक रखकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। किंतु भारी वाहनों के चालकों ने किसी समय वहां से एक ब्लाॅक हटाकर किनारे कर दिया। इसके बाद पुल से धड़ल्ले के साथ भारी वाहन निकाल रहे हैं।
भारी वाहनों के गुजरने से पुल हिंडोले जैसा झूलने लगता है। इतना ही नहीं पुल पर एक साथ कई-कई भारी वाहन एक साथ निकल रहे हैं। इससे किसी बड़ी घटना से इंकार तो किया ही नहीं जा सकता बल्कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से भूतपुरी जसपुर मार्ग भी बाधित हो जाएगा।