संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। मीरपुर-रासना संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम बाइक मिस्त्री के साथ लूट की कोशिश गई। विरोध किए जाने पर उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना से ग्रामीणों में रोष फैल गया। पीड़ित की सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
गांव रासना निवासी कपिल पुत्र रघुवीर सिंह बाइक मिस्त्री है। उसकी बाइक मरम्मत करने की मीरपुर में दुकान है। बृहस्पतिवार शाम मीरपुर से काम खत्म कर वह घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रासना-मीरपुर संपर्क मार्ग पर पहुंचे तो दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने उनसे लूटपाट का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट की। संघर्ष के दौरान आरोपी कपिल की बाइक की चाबी छीनकर भाग गए। कपिल द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस को मौके पर आने में लगभग एक घंटे का समय लग गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई है।