मेरठ। सर्किट हाउस में ग्रेटर नोएडा निवासी युवक ने मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटी एंड चिट्स पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा शिकायत की। मंत्री जी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार को फटकार लगाई। उन्होंने 20 जनवरी तक शिकायत के निस्तारण की चेतावनी दी।
ग्रेटर नोएडा निवासी गौरव नागर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में एनआरआई सिटी डेवलेपमेंट रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन बनाकर डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटी एंड चिट्स मेरठ के यहां सोसाइटी रजिस्टर्ड कराई थी। उसमें शामिल तीन लोगों ने षड़यंत्र के तहत सोसाइटी को रिन्यू नहीं कराया। बिल्डर रोहताश गोयल के साथ मिलकर फर्जी तरीके से दूसरी सोसाइटी खड़ी कर ली। यह सब सोसाइटी का रुपया हड़पने के इरादे से किया गया। इससे पूर्व बिल्डर ने वर्ष 2006 में 166 करोड़ रुपया जो नोएडा अथॉरिटी को लीज रेंट के रूप में दिया जाना था, वह नहीं दिया। अथॉरिटी ने उसके खिलाफ आरसी जारी की, लेकिन वह रुपया लेकर फरार हो गया।
मामले की जानकारी होने पर उन्होंने आरडब्ल्यूए का मामला कोर्ट में डाल दिया। इसकी सुनवाई चल रही है। इस बीच कई डिप्टी रजिस्ट्रार बदले, लेकिन किसी ने ठीक से सुनवाई नहीं की। वर्तमान में डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटी एंट चिट्स डीसी गुप्ता इस मामले को देख रहे हैं। गौरव ने बताया कि वह ऑफिस जाते थे तो उन्हें कर्मचारी बाहर निकाल देते थे। दो साल बाद भी न्याय मिलता दिखाई नहीं दे रहा। इसके बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने डिप्टी रजिस्ट्रार को आड़े हाथों लिया। डिप्टी रजिस्ट्रार मंत्री के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पाए।