पीजी डिप्लोमा कोर्स में कुश्ती, एथलेटिक्स समेत कई प्रशिक्षण कोर्स में होना है प्रवेश
लिखित व फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया हो चुकी है पूरी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में बीपीईएस (बेचुलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। अब विवि प्रशासन की ओर से सोमवार या मंगलवार को पीजी डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए मेरिट जारी की जाएगी। इसके लिए विवि प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी है। वहीं राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर भी खेल विवि में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खेल विश्वविद्यालय की ओर से बीपीईएस (बेचुलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में 50 सीटों पर मेरिट के आधार पर और 5 सीटों पर खेल कोटे से व 5 ईडब्लूएस कुल 60 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया हुई। बीएससी योगा (बेचुलर ऑफ साइंस इन योगा ) में 40 सीटों पर, एमएससी योगा (मास्टर ऑफ साइंस इन योगा) में 20 सीटों पर और पीजी डिप्लोमा कोर्स में 15-15 सीटों पर प्रवेश लिया जा रहा है।
बीपीईएस तीन वर्ष के लिए, बीएससी योगा तीन वर्ष, एमएससी इन योगा दो वर्ष और डिप्लोमा कोर्स एक वर्ष के लिए है। पीजी डिप्लोमा कोर्स में कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कबड्डी, कुश्ती और योग में प्रशिक्षण डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लिया जा रहा है। इन सभी में बीपीईएस कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और कक्षाएं भी शुरू होने को हैं। अब विवि प्रशासन की ओर से डिप्लोमा कोर्स के लिए मेरिट जारी करने की तैयारी की जा रही है।
खेल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सुनील कुमार झा ने बताया कि सोमवार या मंगलवार को डिप्लोमा कोर्स के लिए मेरिट जारी की जाएगी। उम्मीद है कि एक सप्ताह में सभी कोर्स में प्रवेश पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद विधिवत तरीके से डिप्लोमा कोर्स भी कझाएं भी शुरू हो सकेंगी।