रामलीला मंचन के दौरान सदर अयोध्यापुरी में उत्साह, श्रीराम जन्म पर गूंजे जयकारे
- देवासुर संग्राम से अहिल्या उद्धार तक की लीला का मंचन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सदर अयोध्यापुरी भैंसाली मैदान में 65 वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए सोमवार शाम श्रीरामलीला मंचन के दूसरे दिन रुद्राक्ष कला मंच के कलाकारों ने सुरेश कुमार के निर्देशन में श्रीराम जन्म का मंचन किया। पुरोहित नंदकिशोर शर्मा और हरिश चंद जोशी ने पूजा अर्चना कराई।
भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी, हरषित महतारी, मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी। लोचन अभिरामा तनु घनस्यामा निज आयुध भुज चारी।भूषन बनमाला नयन बिसाला सोभासिंधु खरारी...दीनों पर दया करने वाले कौशल्या जी के हितकारी कृपालु प्रभु प्रकट हुए। इन पंक्तियों को सुनकर भैसाली मैदान में भी आनंद हो गया। हर तरफ जयश्रीराम के जयकारे गूंज उठे। लाइट एंड साउंड के माध्यम से देवासुर संग्राम, हनुमान जी बाल लीला, ताड़का वध और अहिल्या उद्धार की भव्य प्रस्तुति दी गई। रामलीला कमेटी के महामंत्री गणेश अग्रवाल ने बताया कि 23 सितंबर को महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव के साथ ताड़का पुतले का दहन और लड्डू वितरण होगा। कार्यक्रम की सफलता में संरक्षक अनिल जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, अध्यक्ष पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष विजय गोयल, स्वागत अध्यक्ष नितिन बालाजी, सुमित गोयल, आशीष बंसल, देवेंद्र गोयल, नीरज राठौर, अजय जैन, अंकित गुप्ता, पारस गोयल रहे।
शिव धनुष भंग होते ही जनकपुरी में गूंजी जयजयकार
मेरठ। शहर श्रीरामलीला कमेटी ने बुढ़ाना गेट जिमखाना मैदान में तीसरे दिन की रामलीला का मंचन कराया। उद्घाटन अमरनाथ सेवा समिति ने किया। मुख्य पूजनकर्ता महेश मित्तल, विशाल गर्ग, राजन सिंघल और सचिन गोयल रहे। प्रसाद सेवा कोमल वर्मा ने दी। जनकपुरी प्रवेश, नगर भ्रमण, पुष्प वाटिका, गिरिजा पूजा, धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सिय नगरी अति सुंदर बानी, जगमग तजि सकल माया खानी आदि पंक्तियों के माध्यम से कलाकारों ने मंचन के दौरान जनकपुरी की शोभा का वर्णन किया। पुष्प वाटिका में सीता राम का प्रथम मिलन को देख हर कोई भावविभोर हो गया। धनुष यज्ञ में श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग किया। हर तरफ जय श्रीराम का जयघोष गूंज उठा। अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को श्रीराम जी की बारात शाम चार बजे से सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से शुरू होगी। कार्यक्रम में महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल, संयोजक राकेश गर्ग, रोहताश कुमार प्रजापति, संरक्षक आलोक गुप्ता रहे।
ताड़का वध, श्रीराम ने किया अहिल्या का उद्धार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहरनाथ मंदिर में मथुरा से आई गणेश रामलीला मंडली ने सोमवार को रामलीला मंचन किया। मंचन में विश्वामित्र द्वारा राम-लक्ष्मण को जनकपुरी ले जाना, ताड़का व मारीच-सुबाहु का वध, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका में सीता-राम का प्रथम मिलन का मंचन किया गया।मंडली के व्यास अवधेश दत्त चतुर्वेदी ने बताया कि मंचन के दौरान बताया कि व्यक्ति जिस पर विश्वास करते हैं और जिसके प्रति श्रद्धा के साथ आकर्षित होते हैं उसे प्राप्त कर लेते हैं। आरती में भाजपा महानगर महामंत्री पीयूष शास्त्री, करुणेश नंदन गर्ग, बृजेश चौधरी, संजीव अग्रवाल और आरुणि मित्तल रहे। रामलीला कमेटी से विवेक बाजपेई, मनोज गुप्ता, पंकज गुप्ता, विपिन गोयल, मुक्त चौधरी और अंकुर प्रजापति रहे।