मुल्तान नगर भोला रोड पर जल भराव होने पर क्षेत्र का निरीक्षण करते महापौर हरिकांत अहलूवालिया। स्त
नगर निगम के वार्ड संख्या 38 और 15 के अंतर्गत आने वाले मुल्तान नगर (भोला रोड) में विकास कार्यों की कछुआ चाल पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया का पारा चढ़ गया। सड़क और नाला निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी के कारण स्थानीय नागरिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था जिसके बाद बृहस्पतिवार को महापौर ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों की लापरवाही पर बरसते हुए महापौर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, जनता त्रस्त है और आप लोग तमाशबीन बने हैं। याद रखिए, जिन कुर्सियों पर आप बैठे हैं वे उखाड़ दी जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर को बताया कि निर्माण कार्य पिछले लगभग एक वर्ष से लंबित पड़ा है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि लोक निर्माण विभाग (पीडल्ब्यूडी) की कार्यदायी संस्था की घोर लापरवाही के कारण जनता को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद बदहाली देखकर महापौर ने गहरी नाराजगी जताई और तत्काल लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता की।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण कॉलोनी के निवासी प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने को मजबूर हुए। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर और खेदजनक स्थिति बताया। महापौर ने दो टूक कहा कि जनता में पनप रहा यह रोष केवल पीडल्ब्यूडी की ढीली कार्यप्रणाली और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
उच्च स्तरीय कार्रवाई की तैयारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट दी है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता (जल), अवर अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।