- मोहनपुरी स्थित मेघदूत पुलिया पर पहुंचे महापौर
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बुधवार को वार्ड 44 मोहनपुरी स्थित मेघदूत की पुलिया का निरीक्षण किया। नाले के अंदर मलबा, सिल्ट और जल प्रवाह न होने पर महापौर ने निगम अफसरों को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह और क्षेत्रीय सफाई इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि जेसीबी लगाकर नालों का मलबा निकालने की बात कही है।
मेघदूत की पुलिया से मोहनपुरी तक जा रही सड़क पर अतिक्रमण है। इंटरलॉकिंग टाइल्स कई जगह पर जमीन में धंस गई हैं। महापौर ने अवर अभियंता को निर्देश दिए कि तत्काल इन्हें ठीक कराया जाए। चिकारा कॉम्प्लेक्स के सामने बनी पुलिया के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेघदूत की पुलिया से मोहनपुरी की और जा रहे मार्ग पर बिजली विभाग द्वारा सड़क के बीच में ही बिजली के पोल लगा दिए गए हैं, जिससे सड़क निर्माण होने के बाद भी यातायात संभव नहीं हो पा रहा है। महापौर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर बिजली के पोल सड़क के किनारे से ले जाने के संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद उत्तम सैनी, स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।