लोटस टावर में मकान में काम करती थी, पुलिस पश्चिम बंगाल जाने की तैयारी में
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। हाईवे स्थित लोटस टावर में नीतू सिंह के मकान में कार्य करने वाली पश्चिम बंगाल के घासमारी नगराकाटा जिला जलपाईगुड़ी निवासी रोशनी ओरोन ने नकदी व सोने. चांदी के गहने चोरी कर पश्चिम बंगाल पहुंच गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वह बंगाल पहुंच गई है। अब पुलिस आरोपी को पकडऩे के लिए बंगाल जाएगी।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित लोटस टावर निवासी नीतू सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि पति पीयूष राणा का प्रॉपर्टी और स्क्रैप का कार्य है। दक्षिणी दिल्ली स्थित एजेंसी के संचालक सरोज रज्जक ने उनके यहां 19 वर्षीय रोशनी को घर के कामकाज करने के लिए 18 नवंबर को भेजा था। युवती के आधार कार्ड पर भी यही नाम दर्ज था। 30 दिसंबर को वह किसी काम से बाहर गई थी। उनके पीछे रोशनी ने घर की अलमारी में रखे 70 हजार रुपये सोने के गहने चोरी कर छिपा कर रख दिए थे। रोशनी घर का बाहर से ताला बंद कर सामान लेकर भाग गई । सुबह होने पर देखा तो दरवाजा बाहर से बंद था और रोशनी भी नहीं थी। परिजनों ने शोर मचाया जिस पर गार्ड और कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजे में लगी चाबी से दरवाजा खोला गया। परिजनों को नकदी और जेवरात गायब मिले। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो रोशनी घर से बाहर जाते हुए दिखाई दी। पुलिस तभी से इस मामले में लगी हुई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि नौकरानी पश्चिम बंगाल पहुंच गई है। काॅलोनी के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में पश्चिम बंगाल पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही अनुमति लेने के बाद एक पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल जाएगी और नौकरानी को गिरफ्तार किया जाएगा।