मेरठ कॉलेज में आज जारी होगी फाइनल प्रत्याशियों की सूची
- 18 अप्रैल को होना है कॉलेज में प्रबंध समिति का चुनाव
मेरठ। मेरठ कॉलेज में 18 अप्रैल को होने वाले प्रबंध समिति के चुनाव के लिए फाइनल प्रत्याशियों की सूची बुधवार को जारी होगी। कार्यकारिणी के लिए हुए 38 नामांकन में से एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया है।
मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के चुनाव के लिए दोनों गुटों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, अतिरिक्त सचिव और कार्यकारिणी के 21 पदों के लिए 38 सदस्यों ने नामांकन किया था। कार्यकारिणी सदस्य के एक प्रत्याशी विनोद कुमार बंसल ने नाम वापस ले लिया है।
चुनाव में सेठ दयानंद गुप्ता, अरविंद नाथ सेठ और डॉ. राम कुमार गुप्ता ग्रुप की तरफ से अध्यक्ष पद पर सुरेश चंद जैन, सचिव पद पर डॉ. ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष पद पर एमके गुप्ता और अतिरिक्त सचिव के पद पर मनीष प्रताप मैदान में हैं। वहीं, फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज की तरफ से अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार गुप्ता सचिव पद के लिए विवेक गर्ग, उपाध्यक्ष पद के लिए मोहित जैन और अतिरिक्त सचिव पद के लिए केशव बंधु चुनाव लड़ रहे हैं। बुधवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। 18 अप्रैल को चुनाव में 1422 सदस्य मतदान करेंगे।