शामली। मुख्य विकास अधिकारी ने परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम मिली और बच्चों से सवाल पूछने पर पढ़ाई का स्तर कमजोर मिला। शिक्षकों को सुधार के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को सीडीओ विनय कुमार तिवारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा हेतु प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से जनपद के विकास क्षेत्र कैराना के 2 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सर्वप्रथम उच्च प्राथमिक विद्यालय टिटौली का निरीक्षण किया। विद्यालय में कार्यरत कुल 9 अध्यापकों व अनुदेशक के सापेक्ष 6 उपस्थित मिले तथा 3 अध्यापक छुट्टी पर थे। विद्यालय में कुल नांमाकित 146 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 103 उपस्थिति मिलें।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कक्षा-कक्षों में जाकर बच्चों से संवाद किया गया तथा बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर देखा गया। गणित के सवाल हल कराकर देखा गया। कुछ ही बच्चों द्वारा सवालों को हल किया गया इस पर संबंधित अध्यापकों को कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मौके पर ही मिड-डे-मील किचन का निरीक्षण किया गया। रसोइया मेन्यू के अनुसार दाल-रोटी बनाते हुई मिली। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय टिटौली नंबर-1 में कार्यरत कुल 5 अध्यापकों के सापेक्ष सभी अध्यापक उपस्थित मिले। विद्यालय में नामांकित कुल 57 छात्र-छात्रा के सापेक्ष 52 उपस्थिति मिले। इसके उपरांत कक्षा-कक्ष में जाकर बच्चों से संवाद किया गया तथा बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर देखा गया। विद्यालय में पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं मिला। सभी शिक्षकों को बच्चों के साथ मेहनत करने और उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान एमडीएम जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार भी रहे।