मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के शौकीन गार्डन में पीटकर मारे गए युवक का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके बारे में पुलिस कोई जानकारी नहीं जुटा पाई। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
शौकीन गार्डन में रविवार सुबह करीब छह बजे एक 35 वर्षीय युवक पहुंचा था। बच्चा चोरी और ड्रोन उड़ाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों और किन्नरों ने उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। समर गार्डन चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार की ओर से शौकीन गार्डन निवासी सुहेल उर्फ काला, अनस और शाहवेज व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने घंटों पूछताछ की, लेकिन न तो मृतक की पहचान हुई और न ही कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पहचान नहीं होने पर युवक का लावारिस में अंतिम संस्कार किया गया। अभी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के थानों से भी मदद मांगी गई है। अन्य आरोपियों को भी तलाश किया जा रहा है। संवाद