दौराला। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर जाने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए सोमवार को 15 वें कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया।
समाज सेवी पुरुषोत्तम उपाध्याय व सहयोगियों ने शिवभक्तों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। उसके बाद उन्होंने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर जाने वाले शिवभक्तों को जलपान कराया गया। पुरुषोत्तम उपाध्याय ने बताया कि हर वर्ष की भांति महाशिवरात्रि पर गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए यह 15 वां शिविर लगाया है। मनोज शर्मा, सुनील अहलावत ने शिव भक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान सतीश सैनी, विनोद यादव, शिवनंदन, अजय मित्तल, अजय चौरसिया, चंद्रभान, रमेश, ऊषा शर्मा, मुन्नी उपाध्याय, सचिन उपाध्याय, किरण सिंह सैनी, राकेश व विनोद प्रजापति आदि मौजूद रहे। वहीं, फाल्गुनमाह में के महाशिवरात्रि के मौके पर शिवभक्तों पवित्र धाम हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं। शिविरों में भक्त उनकी सेवाओं में लगे हैं। 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर भक्तों को जलाभिषेक करना है। मध्य गंगनहर पटरी किनारे स्थित शिव मंदिर कौहला में हरिद्वार से अलीगढ़, टप्पल के 21 शिव भक्तों की टोली विश्राम के लिए रुकी। टोली के मुखिया 70 वर्षीय बृजानंद महाराज ने बताया कि प्रत्येक फाल्गुन में महाशिवरात्रि पर 21 कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर भगवान का जलाभिषेक करते हैं। वहीं, माछरा में शिवभक्तों का जत्था हरिद्वार से जल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। माछरा निवासी आनंद शर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक किया जाएगा। बताया गया कि वर्ष में दो बार भक्त कांवड़ लेने जाते हैं। भक्तों के लिए जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं।