- ईएसआईसी अस्पताल खुलवाने के लिए यूपीसीडा और ईएसआईसी को कार्रवाई के दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कमिश्नरी सभागार में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कारीगरों द्वारा सोना लेकर भागने के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही उद्यमियों ने हर जिले में ईएसआईसी हास्पिटल खुलवाने का भी प्रस्ताव कमिश्नर के सामने रखे। सिटी बस चलाए जाने की मांग को प्राथमिकता पर मुद्दा उठाया।
कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद ने मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा उठाई गई समस्या पर पुलिस अधीक्षक से मिली रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी द्वारा प्रकरणों के निस्तारण कराए जाने के लिए पत्र भेजने और हेल्प डेस्क की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि बाट माप विभाग द्वारा प्राइवेट वेंडर कैलिबिरेशन की फीस नकद मांगते हैं। जिस पर कमिश्नर ने निर्देश दिए कि विभाग रेट फिक्स कर, सूची औद्योगिक इकाइयों को भेजें जिससे कोई दिक्कत न हो।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से प्रस्ताव आया कि प्रत्येक जिले में ईएसआईसी अस्पताल खोला जाए। जिस पर कमिश्नर ने हाॅस्पिटल खुलवाए जाने की कार्रवाई के लिए यूपीसीडा और ईएसआईसी को निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राज्य सड़क परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित करते शीघ्र अतिरिक्त बसें चलवाएं। चेंबर ऑफ कामर्स एवं मैस्मा कैची कलस्टर के पदाधिकारियों ने कहा कि लोहियानगर में कूड़ा इकटठा हो रहा है। जिस पर कमिश्नर ने नगरायुक्त को शीघ्र ही कूड़े का पहाड़ खत्म कराने की चेतावनी दी। उन्होंने टाउन हॉल में पार्किंग की व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने किया। बैठक में लघु उद्योग भारती से पंकज कुमार जैन, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल, यूपी चेंबर ऑफ कामर्स अध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता, आशुतोष अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद