कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के दरोगा 53 वर्षीय विनय कुमार मुरादाबाद की 23 वीं बटालियन पीएसी में ट्रेनिंग कर रहे थे। तबियत बिगड़ने पर दरोगा अपने घर कंकरखेड़ा की न्यू गोविंदपुरी में वापस आ गए थे। यहां बृहस्पतिवार सुबह हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरोगा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। न्यू गोविंदपुरी मोहल्ला निवासी अर्जुन ने बताया कि उनकी शादी चार वर्ष पूर्व शालिनी पुत्री विनय कुमार से हुई थी। ससुर विनय कुमार यूपी पुलिस में दरोगा थे। वर्तमान में उनकी तैनाती डायल-112 में नोएडा में थी। कुछ दिन पूर्व ही पदोन्नति होकर वह दरोगा बने थे। उनके ससुर मुरादाबाद की 23वीं बटालियन पीएसी में 20 दिन से ट्रेनिंग कर रहे थे। दामाद के अनुसार चार दिन पूर्व उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें माइनर अटैक पड़ा है। इसके बाद दरोगा न्यू गोविंदपुरी में अपने घर वापस आ गए थे। बुधवार को दरोगा ने कंकरखेड़ा के अस्पताल में चेकअप कराया था। संवाद