सरधना। नगर के मोहल्ला खेवान में हुई मारपीट के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद पीड़ित ने थाना पुलिस पर आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। जबकि आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर उल्टा उसका ही चालान कर दिया।
मोहल्ला खेवान निवासी जनेश्वर पुत्र दलीप सिंह ने बताया कि 13 मई को कुछ लोगाें ने उसके पुत्र सुमित पर हमला करते हुए जाति सूचक शब्द भी कहे थे। लोगों ने आरोपियों से उसके पुत्र की जान बचाई थी। आरोप है कि उसने थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर पुलिस ने उसकी ही तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर उसके पुत्र सुमित का चालान कर दिया। अब आरोपी पक्ष के लोग उसके पुत्र को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित अपने पुत्र को लेकर एसएसपी से मिला। पीड़ित ने सरधना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।