13पीजीएच2ए - मारपीट कर घायल किया गया गोविंदपुरी निवासी मुकेश गिरी।
- फोटो : PARIKESHGARH
थाने में बेहोश होकर गिरा मारपीट में घायल युवक
परीक्षितगढ़। गांव गांवड़ा मार्ग पर तीन बाइक पर सवार छह लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट करते हुए जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए।
ग्राम गोविंदपुरी निवासी मुकेश गिरी मंगलवार सुबह परीक्षितगढ़ में बाइक की सर्विस कराने के लिए आया हुआ था। वापस लौटते समय गांवड़ा मार्ग पर तीन बाइक सवार छह लोगों ने मुकेश गिरी की बाइक में टक्कर मार कर गिरा दिया। लाठी डंडों से मारपीट करते हुए जहरीला पदार्थ खिलाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
बेहोश होकर थाने में गिरा
पीड़ित मुकेश घायल अवस्था में थाने पहुंचा और ज्यादा चोट लगने से बेहोश होकर गिर गया। आरोप है कि वह मौजूद एसआई व अन्य पुलिसकर्मियों ने मुकेश को अस्पताल में भर्ती कराने के बजाए वहीं पड़े रहने दिया और गाली गलौज की। थाने में मौजूद अन्य लोगों ने मुकेश को पानी पिलाया और निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां मौजूद लोग पुलिसकर्मियों के यह हरकत देखकर हैरान रह गए। वहीं थाना प्रभारी कैलाशचंद गौतम ने बताया कि उक्त युवक की गांव में रंजिश चल रही है। मारपीट का मामला संदिग्ध है। थाने में कोई भी घायल बेहोश होकर नहीं गिरा है।