रात को गर्म होने लगा मौसम, चलने लगे पंखे
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। हवा की रफ्तार बरकरार है, लेकिन दिन का तापमान स्थिर बना है। रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। दिन में गर्माहट बढ़ रही है और रात भी गर्म हो रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है और गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप रही और हवा का जोर भी रहा। सुबह के समय में हल्की ठंड महसूस हुई, लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ता गया गर्माहट बढ़ती चली गई। शहरवासी अब पंखे का सहारा लेने लगे है। रातें भी गर्म होने लगी है। चौधरी चरण सिंह विवि की मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि होली के बाद मौसम में तेजी से बदलाव आएगा और गर्मी बढ़ेगी।