छुटमलपुर में शादी के बंधन में बंधे सचिन और स्नेहा। संवाद
छुटमलपुर। हरियाणा के पंचुकला बागवाली निवासी दूल्हे ने दहेज में मिले 21 लाख रुपये लौटा दिए। केवल एक रुपया तथा नारियल लेकर विवाह किया। दूल्हे का कहना है कि दहेज एक बड़ी सामाजिक बुराई है। इसे बंद होना चाहिए।
बुधवार को क्षेत्र के गांव गंगाली निवासी मनोज पुंडीर की बेटी स्नेहा की शादी छुटमलपुर के एक बैंक्वेट हाल में संपन्न हुई। बरात हरियाणा के पंचकुला के गांव बागवाली निवासी कृष्णपाल सिंह का बेटा सचिन राणा लेकर आया था। शादी के दौरान टीका रस्म के लिए जब दुल्हन पक्ष ने 21 लाख रुपये शगुन के तौर पर दूल्हे को भेंट किए तो उसने यह कहते हुए रकम वापस लौटा दी कि वह केवल एक रुपया और नारियल लेगा।
दुल्हन पक्ष के काफी आग्रह के बाद भी दूल्हे ने उक्त रकम नहीं स्वीकार की। दूल्हा सचिन कारोबारी तथा पिता किसान हैं और संपन्न परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सचिन और स्नेहा दोनों स्नातक तक पढ़े हैं। मांडुवाला के प्रधान विजयपाल सिंह राणा, शाकंभरी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन संजय राणा, राकेश राणा, प्रधान रघुबीर सिंह आदि ने दूल्हे के इस कदम की तारीफ की।