सौभाग्य और दीर्घायु का वरदान देता है वटसावित्री व्रत, पूजा-पाठ करना फलदायी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। 16 मई को ज्येष्ठ अमावस्या पर वट सावित्री व्रत, शनि जयंती, शनि अमावस्या और सौभाग्य योग का दुर्लभ महासंयोग बन रहा है। धार्मिक दृष्टि से यह दिन अत्यंत पुण्यदायी और फलदायी माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इतने शुभ योगों का एक साथ बनना बहुत कम देखने को मिलता है। इस दिन पूजा-पाठ, व्रत, दान-पुण्य और आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष महत्व रखता है।
भारतीय संस्कृति में वट सावित्री व्रत का विशेष स्थान है। आचार्य कौशल वत्स ने बताया कि सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार महिलाएं बरगद के वृक्ष की पूजा कर उसके चारों ओर रक्षा सूत्र बांधती हैं और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनतीं हैं। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से वैवाहिक जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।
ज्योतिषाचार्य मनीष स्वामी ने बताया कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही शनि जयंती भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान शनिदेव का जन्म हुआ था। हिंदू धर्म में शनिदेव को न्याय का देवता माना गया है। इस समय शनिदेव बृहस्पति की राशि मीन में विराजमान हैं। ऐसे में शनि जयंती पर पूजा अर्चना और उपाय करने से शनि के अशुभ प्रभावों से राहत मिल सकती है। जिन लोगों पर शनि की साढ़े साती या ढैय्या चल रही है। उनके लिए यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हनुमान पूजा से कम होगा शनि दोष
आचार्य संजय त्रिपाठी ने बताया शनि जयंती पर श्री हनुमान चालीसा का सात बार पाठ करने का विशेष महत्व है। इसके साथ ही बंदरों को गुड़-चना और केले खिलाने से भी लाभ प्राप्त होता है। यदि बंदर न मिलें तो हनुमान मंदिर में गुड़-चना प्रसाद स्वरूप अर्पित किया जा सकता है। काले कुत्ते को तेल लगी रोटी खिलाने और काले घोड़े की नाल की विधि-विधान से पूजा कर उसे घर के मुख्य द्वार पर लगाने की भी परंपरा है। शनि की साढ़े साती और ढैय्या भी व्यक्ति के कर्मों के आधार पर शुभ अथवा अशुभ परिणाम देती है।
शनि जयंती का शुभ मुहूर्त सुबह
16 मई को सुबह से प्रारंभ रहेगी। हालांकि शनिदेव की पूजा, तैलाभिषेक और विशेष अनुष्ठान सूर्यास्त के बाद करना अधिक शुभ माना गया है। इस दिन श्रद्धालु शनिदेव की प्रतिमा पर तेल, फूल-माला और प्रसाद अर्पित करेंगे। काली उड़द और काले तिल चढ़ाकर दीपक जलाया जाएगा तथा शनि चालीसा का पाठ किया जाएगा। निर्धनो को भोजन कराना और दान-पुण्य करना विशेष फलदायी होता है।
ज्येष्ठ अमावस्या पर पितृ तर्पण का महत्व
ज्येष्ठ अमावस्या, जिसे दर्श अमावस्या भी कहा जाता है, पितरों के तर्पण और पितृ दोष निवारण के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पितरों के नाम से तर्पण, दान और भोजन कराने से परिवार पर पितरों का आशीर्वाद बना रहता है। गाय, कौए और कुत्तों को भोजन कराने तथा जरूरतमंदों को दान देने का विशेष महत्व बताया गया है।