दौराला। दौराला रेलवे स्टेशन पर एक युवती गलती से दूसरे ट्रैक पर पहुंच गई। सामने से आ रही दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। जीआरपी ने शव की शनाख्त कराई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
दौराला के वार्ड 14 निवासी मनोज कश्यप की बेटी अंजली सोमवार दोपहर बाजार में सामान लेने गई थी। घर लौटने के दौरान अंजली रेलवे ट्रैक से होकर जाने लगी। यह रास्ता उसके घर के नजदीक था। दौराला में दो ट्रैक हैं, जिनमें से एक पर अंजली जा रही थी। इसी दौरान उसे ट्रेन की आवाज सुनाई दी और वह दूसरे ट्रैक पर जाकर खड़ी हो गई। परंतु, ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई। सामने से ट्रेन को आते देख युवती घबरा गई और मौके से हट नहीं सकी। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। परंतु तब तक युवती दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला जीआरपी से जुड़ा बताते हुए जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर युवती के शव की शनाख्त की और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। जिस पर जीआरपी ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।