गंगानगर का मामला, दो माह पहले व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन कर कमिश्नर से आग्रह पर छुड़वाया था चार फीट की रास्ता
फोटो
गंगानगर। मवाना रोड पर राजेंद्रपुरम में खुले कट को भी बुधवार को बंद कर दिया। दो महीने पहले स्थानीय व्यापारियों ने इस कट को खुलवाने के लिए धरना प्रदर्शन से लेकर कमिश्नर से आग्रह किया था। उस समय चार फीट का कट खोला गया था। परंतु जाम व बाइक सवारों की अचानक से कट से निकलकर कट पार करने पर हादसे हो रहे थे।
साकेत चौराहे से यशोदा कुंज कॉलोनी तक नए डिवाइडर और दोनों ओर सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पहले चरण में डिवाइडर का निर्माण कराया गया। तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर करीब एक दर्जन अवैध कट बंद किए गए। दो माह पूर्व राजेंद्रपुरम के सामने भी कट बंद किया गया। व्यापारियों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया था। व्यापारियों ने कई बार कमिश्नर से मुलाकात की। उसके बाद कमिश्नर ने पैदल निकासी के लिए चार फीट चौड़े कट को छोड़ने के आदेश दिए। परंतु अब इस कट से बाइक सवार अचानक सड़क पार करते थे। इससे कई बार हादसे हो चुके हैं। रोजाना जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय लोगों ने कट को बंद करने की मांग उठाई। इसके बाद पीडब्ल्यूडी द्वारा कट को बंद कर दिया गया।
समस्या बरकरार, लोग परेशान
कट बंद होने से केवल गंगानगर नाला कट, डिवाइडर रोड और कसेरू बक्सर कट खुला छोड़ा गया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए कुछ जगह खोदाई की गई। परंतु दो माह से उसे यूं ही छोड़ा हुआ है। इसके चलते जाम लग जाता है। डिवाइडर रोड पर ओम प्लाजा के बराबर में करीब 10 मीटर चौड़ी सड़क खोदी हुई है। वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे लोगों के लिए खतरा बना है।
-